4 दिसंबर को बॉक्स ऑफिस पर भिड़ेंगी 'मातृभूमि' और 'ईठा', क्या टूटेगा भाईजान का 100 करोड़ वाला रिकॉर्ड?
सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' अब 4 दिसंबर को रिलीज होगी। इसी दिन श्रद्धा कपूर की 'ईठा' भी सिनेमाघरों में आएगी। गलवान घाटी की घटना से प्रेरित इस फिल्म के सामने सलमान का लगातार 18 फिल्मों का 100 करोड़ क्लब रिकॉर्ड बरकरार रखने की चुनौती है।


Salman Khan Maatrubhumi Release Date: सलमान खान की आगामी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की रिलीज तारीख सामने आने के बाद बॉक्स ऑफिस पर दिसंबर का मुकाबला दिलचस्प हो गया है। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसी दिन श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' भी रिलीज होने वाली है। सलमान खान की फिल्म पहले 18 मार्च को रिलीज होनी थी, लेकिन इसकी तारीख आगे बढ़ती रही। अब धनतेरस के मौके पर सलमान ने नई रिलीज डेट का ऐलान किया है।
रिलीज से पहले ही आमने-सामने आईं दो बड़ी फिल्में
बता दें, 4 दिसंबर को 'मातृभूमि' के साथ श्रद्धा कपूर की बायोपिक ड्रामा 'ईठा' भी बड़े पर्दे पर आएगी। ऐसे में दोनों फिल्मों को सिनेमाघरों में स्क्रीन और शो के लिए प्रतिस्पर्धा करनी पड़ सकती है। सलमान खान की लोकप्रियता उनकी फिल्म को बड़ी ओपनिंग दिला सकती है, लेकिन 'ईठा' को लेकर भी दर्शकों में दिलचस्पी बनी हुई है।
इस मुकाबले का एक अहम पहलू सलमान का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड भी है। सलमान की पिछली लगातार 18 फिल्मों ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है। अब 'मातृभूमि' के सामने इस सिलसिले को 19वीं फिल्म तक पहुंचाने की चुनौती होगी।
फिल्म की देरी पर सलमान ने बताई वजह
फिल्म का नाम पहले 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था। बाद में इसे बदलकर 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' कर दिया गया। रिलीज में हुई देरी को लेकर सलमान ने बतया कि इसकी प्रमुख वजह विजुअल इफेक्ट्स यानी VFX का काम था।
मुंबई में फिल्म के ट्रेलर की चुनिंदा मीडिया स्क्रीनिंग के दौरान सलमान ने बताया कि टीम विजुअल्स को बेहतर बनाने पर काम कर रही थी। उनका कहना था कि फिल्म के हर दृश्य को इस तरह तैयार करना जरूरी था कि दर्शकों को VFX में कोई कमी नजर न आए।
चित्रांगदा सिंह की चोट से भी प्रभावित हुआ काम
साथ ही, सलमान ने फिल्म के निर्माण में आई एक और परेशानी का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, शूटिंग तय समय में पूरी करने की योजना थी, लेकिन अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह के घायल होने के कारण काम प्रभावित हुआ। उन्हें ठीक होने के लिए समय देना पड़ा। फिल्म को पहले अलग-अलग समय पर रिलीज करने की योजना बनी थी, लेकिन अब निर्माताओं ने 4 दिसंबर की तारीख तय की है।
'मातृभूमि' और 'ईठा' की अलग-अलग दर्शक पसंद
हालांकि, दोनों फिल्मों की विषयवस्तु और दर्शक वर्ग अलग हो सकते हैं। 'मातृभूमि' एक सैन्य पृष्ठभूमि वाली फिल्म है, जिसमें देशभक्ति और युद्ध का कथानक प्रमुख रहेगा। वहीं 'ईठा' बायोपिक ड्रामा है और श्रद्धा कपूर की मौजूदगी इसे अलग तरह के दर्शकों तक पहुंचा सकती है।
बॉक्स ऑफिस पर सलमान की फिल्म को उत्तर भारत के सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दूसरी ओर, 'ईठा' को महाराष्ट्र और मल्टीप्लेक्स दर्शकों के बीच फायदा मिल सकता है।
गलवान घाटी की घटना से प्रेरित है 'मातृभूमि'
'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की कहानी मई 2020 में पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच पैदा हुए सैन्य तनाव की पृष्ठभूमि पर आधारित है। जून 2020 में गलवान घाटी में दोनों देशों के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस घटना में भारतीय सेना के करीब 20 जवान शहीद हुए थे।
फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के अधिकारी मेजर बिक्कुमल्ला संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। वे 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर थे। गलवान की घटना में उनके साथ 19 अन्य भारतीय सैनिक भी शहीद हुए थे। उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
क्या सलमान का रिकॉर्ड बरकरार रहेगा?
अब फिल्म की रिलीज में कुछ ही समय बचा है। एक तरफ सलमान खान का स्टारडम और 100 करोड़ क्लब का रिकॉर्ड है, तो दूसरी ओर श्रद्धा कपूर की 'ईठा' भी सिनेमाघरों में अपनी जगह बनाने की कोशिश करेगी। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या 'मातृभूमि' सलमान की लगातार 19वीं 100 करोड़ वाली फिल्म बन पाएगी या 'ईठा' इस मुकाबले को और रोचक बना देगी? बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के बीच यह टक्कर काफी दिलचस्प होने वाली है।

