न्यूयॉर्क में 96 साल पुरानी 3 मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, 2 की मौत: रेस्क्यू में जुटे 250 राहतकर्मी
अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ब्रुकलिन के फ्लैटबुश इलाके में 96 साल पुरानी तीन मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हुई, जबकि कई घायल हैं। करीब 250 राहतकर्मी मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। खोजी कुत्तों और ड्रोन की मदद ली जा रही है।


New York Building Collapse: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक पुरानी इमारत के अचानक गिरने से हड़कंप मच गया। ब्रुकलिन के फ्लैटबुश इलाके में बुधवार को 96 साल पुरानी तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया। राहत एवं बचाव कार्य में करीब 250 कर्मियों को लगाया गया है। मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। बचाव दल ने अब तक एक गर्भवती महिला और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला है। चार घायलों की हालत गंभीर है, जबकि छह अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना ब्रुकलिन के फ्लैटबुश इलाके में एक निर्माण स्थल के पास हुई। घटनास्थल पर पहले मौजूद एक मंजिला इमारत को गिराया गया था। इसके बाद वहां जमीन की खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान पास में स्थित करीब 96 साल पुरानी तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इमारत का मलबा निर्माण स्थल पर खोदे गए गड्ढे में जा गिरा। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारी जांच कर रहे हैं।
खोजी कुत्तों और ड्रोन से चल रही तलाश
बता दें, इमारत गिरने के बाद दमकल विभाग ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों का पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों और ड्रोन की सहायता भी ली जा रही है। राहत अभियान के दौरान शाम करीब 6:30 बजे बचावकर्मियों को मलबे के बीच बने एक गड्ढे में एक व्यक्ति जीवित मिला। उसे सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। दमकल विभाग की प्रमुख लिलियन बोनसिग्नोर के अनुसार, घटनास्थल के पास मौजूद दूसरी इमारत के भी प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में बचावकर्मी बेहद सतर्कता के साथ अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि मलबे में लोगों की तलाश का काम कई दिनों तक जारी रह सकता है।
आसपास की इमारतों की सुरक्षा जांच शुरू
वहीं, हादसे के बाद न्यूयॉर्क के बिल्डिंग डिपार्टमेंट की टीम ने घटनास्थल और आसपास के भवनों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। हादसे के दौरान बगल की इमारत की एक दीवार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि आसपास की दूसरी इमारतें रहने के लिहाज से सुरक्षित हैं या नहीं। प्रभावित लोगों की सहायता के लिए एक विशेष सहायता केंद्र भी बनाया गया है।

