ऑस्कर की रेस में शामिल हुई 'रामायण'! क्या भारत की दो फिल्मों को मिल सकता है मौका? जानिए पूरी प्रक्रिया
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को लेकर रिपोर्ट है कि निर्माताओं ने इसे ऑस्कर कंसिडरेशन के लिए सबमिट किया है। भारत की आधिकारिक एंट्री 'गोंधल' के साथ फिल्म भी अलग प्रक्रिया के तहत दावेदारी कर सकती है। छह दिनों में इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 823.50 करोड़ रुपये पहुंच गया है।


Ramayana Oscar Entry: नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' इन दिनों बॉक्स ऑफिस के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा बटोर रही है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और रवि दुबे जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को लेकर अब एक और बड़ी खबर सामने आई है। निर्माता नमित मल्होत्रा ने फिल्म को ऑस्कर अवॉर्ड्स के लिए विचारार्थ जमा कराया है।
'गोंधल' के अलावा 'रामायण' भी पेश कर सकती है दावेदारी
बता दें, 'रामायण' के निर्माताओं ने फिल्म को एकेडमी अवॉर्ड्स के कंसिडरेशन के लिए सबमिट किया है। इस खबर के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या एक ही साल में भारत की दो फिल्में ऑस्कर की दौड़ में शामिल हो सकती हैं?
दरअसल, मराठी फिल्म 'गोंधल' को भारत की ओर से ऑस्कर की इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए आधिकारिक एंट्री चुना गया है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि देश की दूसरी फिल्में ऑस्कर में अपनी दावेदारी पेश नहीं कर सकतीं।
भारत की आधिकारिक एंट्री और स्वतंत्र सबमिशन में क्या है अंतर?
जानकारी के अनुसार, ऑस्कर की प्रक्रिया में किसी देश की आधिकारिक एंट्री और किसी फिल्म का स्वतंत्र रूप से विचारार्थ भेजा जाना अलग-अलग बातें हैं। भारत की ओर से चुनी गई फिल्म 'गोंधल' इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में देश का प्रतिनिधित्व करेगी।
वहीं, दूसरी फिल्म के निर्माता भी एकेडमी के निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों को पूरा करने पर उसे विचारार्थ जमा करा सकते हैं। इसलिए 'रामायण' का सबमिशन भारत की आधिकारिक एंट्री के चयन से अलग प्रक्रिया है।
हालांकि, फिल्म को सबमिट किए जाने का मतलब ऑस्कर नॉमिनेशन मिलना नहीं है। पहले एकेडमी के नियमों के तहत उसकी पात्रता देखी जाएगी। इसके बाद आगे की प्रक्रिया और मतदान के आधार पर नॉमिनेशन तय होते हैं।
छह दिन में 800 करोड़ पार
'रामायण' की कमाई भी लगातार सुर्खियां बटोर रही है। Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के छह दिनों में भारत में करीब 440.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं, इसका घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 526.50 करोड़ रुपये है।
विदेशी बाजार से फिल्म ने लगभग 297 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार किया है। इसके साथ ही फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 823.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
मंगलवार को फिल्म ने दुनियाभर में 147.60 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। भारत में इसके 24 हजार से ज्यादा शोज से 94.10 करोड़ रुपये की नेट कमाई दर्ज की गई।
'धुरंधर 2' को पीछे छोड़ने का दावा
वहीं, 'रामायण' ने मंगलवार को रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' से ज्यादा कारोबार किया। फिल्म ने टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow पर भी बिक्री के कई रिकॉर्ड बनाए है।
रिपोर्ट में पहले सोमवार को 16.60 लाख टिकटों की बिक्री और IMAX में शानदार ओपनिंग जैसे आंकड़े दिए गए हैं। फिल्म को 100 से ज्यादा देशों में रिलीज किए जाने की भी चर्चा है।
