भोपाल में सड़क किनारे नजर आया बाघ, पुलिस ने बनाया VIDEO; वन विभाग ने जारी की ये एडवाइज
भोपाल में गुरुवार रात अमरनाथ रोड से जागरण लेक सिटी जाने वाले रास्ते पर बाघ दिखाई दिया। कोलार पुलिस की डायल-112 टीम ने उसका वीडियो बनाया। वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कलियासोत, केरवा और आसपास के जंगलों में बाघों की मौजूदगी बताई गई है।

Tiger Movement in Bhopal: राजधानी भोपाल में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा है। गुरुवार रात अमरनाथ रोड से जागरण लेक सिटी की ओर जाने वाले रास्ते पर टाइगर दिखाई दिया। कोलार थाना पुलिस की डायल-112 टीम की नजर उस पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो अब सामने आया है। करीब 16 सेकंड के वीडियो में बाघ सड़क किनारे लगी जाली के दूसरी तरफ बैठा नजर आ रहा है। यह इलाका पहले से ही बाघों की आवाजाही वाले क्षेत्र में शामिल है। घटना के बाद वन विभाग ने इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
कलियासोत और केरवा के जंगलों में भी बाघों की मौजूदगी
बाघ मित्र राशिद नूर ने बताया कि कलियासोत डैम, चंदनपुरा, केरवा और आसपास के जंगलों में कई बाघों की मौजूदगी है। इन इलाकों में लगातार उनकी गतिविधियां सामने आती रहती हैं। उनका कहना है कि भोपाल में शहरी विस्तार और विकास की योजनाओं पर चर्चा के बीच बाघों की मौजूदगी यह याद दिलाती है कि शहर के आसपास का जंगल उनका प्राकृतिक आवास है। ऐसे में विकास की योजनाओं में वन्यजीवों और उनके रहवास का ध्यान रखना जरूरी है।
शहर के 25 किलोमीटर के दायरे में बाघों की आवाजाही
बता दें, भोपाल के आसपास लगभग 25 किलोमीटर के क्षेत्र में बाघों की गतिविधियां देखी जाती रही हैं। कलियासोत और केरवा के जंगलों के अलावा कोलार और बैरसिया क्षेत्र में भी टाइगर दिखाई दे चुके हैं। फरवरी 2022 में चूना भट्टी चौराहे के पास स्थित भोज यूनिवर्सिटी परिसर में भी बाघ की मौजूदगी सामने आई थी। कोलार क्षेत्र में भी पहले टाइगर देखा जा चुका है।
भोपाल के जंगलों में 13 रेसिडेंशियल बाघ
जानकारी के मुताबिक, कलियासोत, केरवा, समरधा, अमोनी और भानपुर के आसपास के क्षेत्र में 13 रेसिडेंशियल बाघ मौजूद हैं। इनका जन्म इसी इलाके में हुआ है और अब ये इसी क्षेत्र में विचरण करते हैं। बाघिन टी-123 का भी इसी क्षेत्र में कुनबा है। भोज यूनिवर्सिटी परिसर में भी कई बार बाघ की गतिविधियां सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा शहर से सटे रातापानी के जंगल में भी बाघों की मौजूदगी है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
वहीं, बाघों की आवाजाही वाले इलाकों से गुजरते समय लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। वन विभाग की ओर से जारी अलर्ट को ध्यान में रखते हुए जंगल से लगे रास्तों पर अनावश्यक रूप से रुकने और बाघ के करीब जाने से बचें।
