कुलगाम में CRPF जवानों पर अचानक हुई फायरिंग, 46वीं बटालियन के 3 जवान घायल; हमलावरों की तलाश जारी
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने अखरान कैंप के पास नाका ड्यूटी कर रहे CRPF जवानों पर फायरिंग की। हमले में 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हुए हैं। उन्हें अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षाबल हमलावरों की तलाश कर रहे हैं।
Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर सुरक्षा व्यवस्था के बीच फायरिंग की घटना सामने आई। अखरान कैंप के पास नाका ड्यूटी संभाल रहे CRPF जवानों को बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया। अचानक हुई गोलीबारी में तीन जवान घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षाबलों ने हमलावरों की तलाश में इलाके में अभियान शुरू कर दिया है।
दोपहर करीब 2:15 बजे हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार दोपहर लगभग 2:15 बजे की है। कुलगाम के अखरान कैंप क्षेत्र में CRPF के जवान नाका ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान बाइक पर पहुंचे अज्ञात लोगों ने जवानों पर गोलियां चला दीं। अचानक हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
46वीं बटालियन के तीन जवान जख्मी
बता दें, इस घटना में CRPF की 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हुए हैं। उनकी पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो व राकेश दास के रूप में हुई है। एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हमलावरों की तलाश में जुटे सुरक्षाबल
फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया है। हमलावर किस दिशा में भागे और वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

