धनतेरस पर सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, गोल्ड ₹3,106 और सिल्वर ₹5,437 टूटी; जानें नए रेट
धनतेरस पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। 24 कैरेट सोना 3,106 रुपए टूटकर 1.41 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 5,437 रुपए घटकर 1.81 लाख रुपए किलो पर पहुंच गई।

Gold-Silver Price Today: धनतेरस के मौके पर सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए कीमतों में राहत की खबर है। सर्राफा बाजार में आज दोनों कीमती धातुओं के भाव नीचे आ गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम पर 3,106 रुपए घटकर करीब 1.41 लाख रुपए रह गई है। चांदी के भाव में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। एक किलो चांदी 5,437 रुपए सस्ती होकर करीब 1.81 लाख रुपए पर पहुंच गई।
इस साल सोने-चांदी का प्रदर्शन रहा बिल्कुल अलग
2026 में सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। साल की शुरुआत से अब तक सोने के भाव में करीब 8 हजार रुपए की बढ़ोतरी हुई है, जबकि चांदी की कीमत 49 हजार रुपए तक नीचे आ चुकी है। आंकड़ों के मुताबिक, 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 1.33 लाख रुपए थी, जो अब बढ़कर 1.41 लाख रुपए हो गई है। दूसरी ओर, इसी अवधि में चांदी 2.30 लाख रुपए प्रति किलो से गिरकर 1.81 लाख रुपए पर आ गई। इस साल 29 जनवरी को दोनों धातुओं ने रिकॉर्ड ऊंचाई भी दर्ज की थी। उस समय सोना 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 3.86 लाख रुपए प्रति किलो के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई थी।
सोना खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
त्योहारों के दौरान सोने की खरीदारी बढ़ जाती है। ऐसे में ज्वेलरी खरीदते समय सिर्फ कीमत देखना काफी नहीं है। शुद्धता और बिल से जुड़ी कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है।
- BIS हॉलमार्क जरूर जांचें: सोना खरीदते समय BIS हॉलमार्क और 6 अंकों का HUID कोड देखें। BIS Care ऐप के जरिए इसकी जानकारी भी सत्यापित कर सकते हैं।
- बाजार भाव की तुलना करें: खरीदारी से पहले IBJA या अन्य विश्वसनीय स्रोतों से उस दिन का गोल्ड रेट पता करें। 24, 22 और 18 कैरेट सोने की कीमत अलग-अलग होती है।
- बिल जरूर लें: ज्वेलरी खरीदते समय वजन, शुद्धता, मेकिंग चार्ज और GST की जानकारी वाला पक्का बिल लें।
असली चांदी पहचानने के लिए इन तरीकों को जानें
चांदी खरीदते समय उसकी शुद्धता की जांच करना भी जरूरी है। बाजार में कई बार चांदी के नाम पर दूसरी धातुओं से बने उत्पाद बेचे जाते हैं। कुछ सामान्य जांच के तरीके इस प्रकार हैं:
- मैग्नेट टेस्ट: शुद्ध चांदी सामान्य चुंबक से आकर्षित नहीं होती। हालांकि, केवल इस टेस्ट से चांदी की शुद्धता प्रमाणित नहीं की जा सकती।
- आइस टेस्ट: चांदी में गर्मी तेजी से स्थानांतरित होती है, इसलिए इसके संपर्क में आने पर बर्फ तेजी से पिघल सकती है। यह भी पक्का प्रमाण नहीं है।
- स्मेल टेस्ट: शुद्ध चांदी में सामान्य तौर पर कोई खास गंध नहीं होती। तेज धातु जैसी गंध मिलावट का संकेत हो सकती है।
- कपड़े से जांच: चांदी पर कालापन आने की स्थिति में सफेद कपड़े पर काला निशान दिख सकता है। हालांकि, यह टेस्ट भी अंतिम प्रमाण नहीं है।
