भोपाल में पहली बार सजेगा महिला हॉकी का एशियाई मंच, 6 देशों की टीमें भिड़ेंगी; जानिए कितनी है एंट्री फीस
भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक पहली बार एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी आयोजित होगी। भारत समेत छह देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबलों में दर्शकों की एंट्री फ्री रहेगी। सलीमा टेटे भारतीय टीम की कप्तानी करेंगी।

Asian Women's Hockey Champions Trophy 2026: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। 19 से 28 नवंबर तक यहां एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन किया जाएगा। पहली बार मध्यप्रदेश इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। भारत सहित छह देशों की टीमें खिताब के लिए जोर लगाएंगी। खास बात यह है कि दर्शकों को स्टेडियम में मैच देखने के लिए कोई टिकट नहीं खरीदना होगा।
10 दिन तक भोपाल में दिखेगा एशियाई हॉकी का रोमांच
बता दें, प्रतियोगिता के मुकाबले अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे। भारत के अलावा जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की टीमें मैदान पर उतरेंगी। टूर्नामेंट में करीब 150 महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।
बुधवार को खेल मंत्री विश्वास सारंग ने टीटी नगर स्टेडियम में प्रतियोगिता के आधिकारिक लोगो और ट्रॉफी का अनावरण किया। इसी के साथ ट्रॉफी टूर की शुरुआत भी हुई। यह ट्रॉफी 11 से 19 नवंबर तक मध्यप्रदेश के सभी संभागों का दौरा करेगी, ताकि प्रतियोगिता को लेकर प्रदेशभर में उत्साह बनाया जा सके।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।
फ्लड लाइट में होंगे मुकाबले
करीब 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में फ्लड लाइट के बीच डे-नाइट मैच खेले जाएंगे। हर दिन तीन मुकाबले आयोजित करने की योजना है। हॉकी प्रेमियों के लिए राहत की बात यह है कि सभी मैचों में प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है।
प्रतियोगिता का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और हॉटस्टार के जरिए 166 देशों में किया जाएगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ करेगी।
हॉकी के मैदान पर खेल के साथ दिखेगी मध्यप्रदेश की पहचान
जानकारी के अनुसार, यह आयोजन सिर्फ अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों तक सीमित नहीं रहेगा। दर्शकों और मेहमानों को प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता से रूबरू कराने के लिए आयोजन स्थल पर जनजातीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और लोककलाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे।
खेल मंत्री विश्वास सारंग के मुताबिक, इस प्रतियोगिता के जरिए मध्यप्रदेश की खेल क्षमता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। नवंबर को हॉकी गतिविधियों के लिए खास तौर पर समर्पित किया गया है। इस दौरान भारतीय टीम और मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी के बीच मैत्री मुकाबला भी होगा।
27 फीडर सेंटर से तैयार हो रही हॉकी खिलाड़ियों की नई पौध
मध्यप्रदेश में हॉकी को मजबूत करने के लिए 27 फीडर सेंटर और 13 खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए 22 एस्ट्रोटर्फ मैदान उपलब्ध हैं, जबकि सात नए एस्ट्रोटर्फ तैयार किए जा रहे हैं।
मंत्री सारंग ने भोपाल को हॉकी की नर्सरी बताते हुए कहा कि प्रदेश ने कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया है।
महिला खिलाड़ियों के नाम 177 पदक
सूत्रों के मुताबिक, मध्यप्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कुल 177 पदक जीते हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 18 स्वर्ण, 11 रजत और 7 कांस्य सहित 36 पदक शामिल हैं। वहीं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने 74 स्वर्ण, 34 रजत और 33 कांस्य समेत 141 पदक अपने नाम किए हैं।
प्रदेश की तीन महिला खिलाड़ियों ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में भारतीय टीम का हिस्सा रहते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की सात महिला खिलाड़ी ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
सलीमा टेटे के हाथों में होगी भारतीय टीम की कमान
वहीं, हॉकी इंडिया ने टूर्नामेंट के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान कर दिया है। मिडफील्डर सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। जापान में एशियन गेम्स का स्वर्ण जीतने के बाद भारतीय टीम इस प्रतियोगिता में पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैदान पर उतरेगी।

